9/26/2007

लेडी बर्ड ,मखमल का कीड़ा और खेल खेल

(छुट्टी का अंतिम दिन)


पिछले दरवाज़े के पार थोडी सी ज़मीन थी। उसके अंत में तार के बाड़ के पार दूसरों का अहाता था। बाड़ से सटे सीमेंट के ढाले हुये बड़े पटरे बेतरतीबी से फिंके पड़े थे , जाने किस ज़माने से। फट्टों के बीच में घास की उबड़ खाबड़ पैदावार , कीड़े मकोड़ों की ठंडी अँधेरी दुनिया , भूले भटके गिरे सिक्के , टूटी चूड़ियाँ , इमली के बीज .. माने एक पूरा संसार था। मेरी दुनिया में लॉस्ट एटलांटिस , खोया शहर! नम ठंडी मिट्टी की छुअन नींद तक में सिहरा देती। मेरी बौराहट सुनकर कितनी बार मुझे दुस्वप्न से निजात दिलाने के लिये बेदर्दी से झकझोर कर उठा दिया जाता।

एक किनारे टी रोज़ की झाड़ी दुर्निवार बढ़ती जाती। रोज़ चाय की पत्तियों का खाद शायद इस बढ़वार के लिये ज़िम्मेदार था। पड़ोसिनें रश्क रश्क कर जातीं। पर आज मैं बैठी थी , भरी दोपहर में , अकेले। सबसे नीचे वाले फट्टे पर , सींक के टुकड़े से आड़ी तिरछी लकीरें खींचते। हम आज सुबह ही लौटे थे वापस छुट्टियों के बाद। छुट्टी का अंतिम दिन था। मुट्ठी से भरे खज़ाने का एक एक करके खत्म होना। उफ्फ कितनी उदास पीली दोपहरिया थी। न एक पत्ता न कोई चिड़िया का बच्चा। इन पटरों के बीच की दुनिया कितनी शीतल और सुखद थी तुलना में। उस मखमली लाल कीड़े के पीठ की तरह जो बरसाती दिनों में भीगे पत्तियों के बीच रेंगता दीखता। होड़ लगती माचिस की डिबिया में इकट्ठे करने की। कैसा जादू ! आह! या फिर पतली सूई सी ड्रैगनफलाई जो चमकती धूप में एक चमकीली विलीन होती रेखा सी दिखती। ये सब बरसात में होगा , जाड़ों में होगा।

अभी , अभी क्या होगा ? बस छुट्टी के खत्म होने का उदास उदास गीत होगा। गले से लेकर छाती तक कंठ को फोड़ता , सुबकियों सा हिचकता , रिसता। घर के अंदर सब सोये हैं। आस पास सब सोये हैं। वो बदमाश बिट्टू भी सोया है। और सामने के घर में पपली भी सोयी है। शाम होगी तब सब जगेंगे। बगल वाले मनी भैया , दुष्ट अन्नू , प्रभा दीदी , पपली और उसकी छोटी बहन सुपली और बूनी। गुड़िया सी बूनी । सींक से मैंने लाईन पाड़ कर एक लड़की बनाई है , धूल में। दो चोटी वाली। ये मैं नहीं हूँ। मेरे दो चोटी नहीं है। मेरे बाल छोटे हैं , लड़कों जैसे। पर मैं चाहती हूँ कि मेरे बाल खूब लम्बे हों , कमर से भी नीचे , माँ जैसे। माँ कहती है बड़ी हो जा फिर लम्बे रखना बाल। बड़े होने में अभी बहुत वक्त है। बड़े होकर बहुत कुछ करना है। हर बात में माँ कहती जो है कि बड़ी हो जा फिर। बड़ी होकर मैं सिर्फ अपने मन का करूँगी सिर्फ अपने मन का। छुट्टी के बाद स्कूल नहीं जाने का मन न हो फिर भी जाओ जैसी बात किसी को नहीं कहने दूँगी। पटरे पर डूबते सूरज की तिरछी किरणें पड़ रही हैं अब। छुट्टी का अंतिम दिन अब कुछ घँटे ही बचा है। मैं इस खत्म होने के उदासी को उँगलियों से भींच लेती हूँ। मेरे होंठ रुलाई की याद में बनते बिगड़ते हैं ,गाल पर सूखे पुँछे आँसू के लकीरों की तरह।

मिन्नी मिन्नी , कोई पुकारता है बाड़ के पार से। अन्नू , पपली सुपली सब बुला रहे हैं। खेलने का समय हो गया। माँ भी पुकार रही है। मेरा मन अचानक आहलाद से भर जाता है। इन दोस्तों को महीने भर बाद देख रही हूँ। कितना मज़ा आयेगा छुट्टियों की कहानी सुनाने में। खरीदे गये दूरबीन दिखाने में , आँखें बन्द कर सो जाने वाली नीली आँख और सुनहरे बाल वाली गुड़िया दिखाने में , कल स्कूल के नये टीचर की बात करने में।

“ आई , आई “ । सींक फेंक कर , हाथ झाड़ कर मैं कूद पड़ती हूँ पटरों पर से। मेरी फ्रॉक पर मेरे साथ साथ एक लाल पर काली बुन्दकियों वाली लेडीबर्ड मेरे खेल में शामिल हो जाती है।

माँ देखती हैं लड़कियाँ मगन चहचहा रही हैं , इखट दुखट खेल रही हैं। शाम के झुटपुटे में पंछियों का कलरव जैसे।

9/20/2007

मायोपिक प्रेम

चश्मे की कमानी मोटी थी । टारटॉयज़ शेल की । उसमें मोटा शीशा जड़ा था । टिकाऊ था , मजबूत था । लेकिन उसमें एक बड़ी खामी थी । मुन्नी की आँखें उस शीशे के पीछे उल्लू की आँख सी लगती , मोटी ढेले सी , फटी हुई । आईने के सामने कितनी भी प्रैक्टिस की जाय ज़रा आँखों को सिकोड़ कर छोटा तिरछा करने की पर ऐन वक्त याद ही नहीं रहता । जब याद आती तब तक देर हो चुकी होती । मुन्नी को छोटी तिरछी खिंची हुई आँखें पसंद थीं । पर पसंद होने से क्या होता है । पसंद अपनी जगह और जो होना है वो अपनी जगह । दोनों के अलग स्वायत्त संसार एक दूसरे से दूर दूर रास्ता छोड़ते हुये । मुन्नी को ये पता था । पर पता होने से भी क्या होता है । छोटी तिरछी आँखों की हिरिस अपनी जगह । चश्मे से निजात अपनी जगह ।

अब वैसे तो मुन्नी के जीवन में कई और अरमान भी थे , जैसे गोरा रंग , खडी तीखी नाक और एक अदद तिल , कहीं भी चेहरे पर । असल में रंग तो गेहुँआ सा था , नाक पसरी हुई थी थोड़ी सी और तिल , तिल था तो पर कनपटी पर बालों की रेखा से सटा अपने अस्तित्व को तलाशता हुआ । तो फेहरिस्त जस की तस रही । मुन्नी बडी होती रही । चश्मे का शीशा मोटा होता गया । अलबत्ता मुल्तानी मिट्टी , हल्दी , मलाई और न जाने क्या क्या लीप पोत कर रंग ज़रूर गोराई पर अग्रसर हुआ । तिल की बात बचपन के खेल की तरह भूली बिसरी हँसने योग्य हुई । और रही पसरी हुई नाक , तो उसी पसरे हुये नाक में कोई ऐसी अजीब कमनीयता का वास हुआ कि मोहल्ले के कई लडकों लौंडों का दिल उसके भोले फैलाव पर बार बार रपटा । लेकिन हर बार चश्मे की मारक मोटाई ने ऐसी बेइलाज़ रपटन को पूरी तरह धाराशाई होने से बचा लिया । मुन्नी और बडी होती गई । इंतज़ार करती रही कि कोई उस चश्मे के पार का राजकुमार हो । फिर धीरे धीरे यकीन हो चला कि मेन डोंट मेक पासेज़ ऐट वोमन विद ग्लासेज़ । तो यही सही ।

मोटे मोटे पोथे पर अपनी चश्मेदार आँखों को गड़ाये जीवन का पाठ पढ़ती गई । लेकिन इसी बीच अनहोनी संयोग , नियति , जो भी कह लें , हुआ और ग्यारह बारह के भयंकर मायोपिया को माईक्रोस्कोपिक बनाकर स्लाईड पर फिसलता हुआ नौजवान अवतरित हुआ । अवतरित ही नहीं हुआ बल्कि मुन्नी से ऐसा टकराया कि टॉरटायज़ शेल चकनाचूर हुआ , शीशा चाक चाक । मुन्नी अपने मायोपिक धुँधलके के पार से मुस्कुराई और कोई तीर राजकुमार के दिल में महीन सुराख करता पार हो गया । प्रेम किसी फेरोमोंस हारमोंस की उठा पटक ही तो है । ऐसा ? तो उठा पटक क्या हुई पूरा धमाल हुआ ।

खिड़की के पार जो मियाँ बीबी एक दूसरे की आँखों में झाँकते दिखते हैं , बिना चश्मे के पर्देदारी के वो मुन्नी और उसके मियाँ ही तो हैं । आपको बताया था कि मियाँ की आँखों का पावर मुन्नी की मुन्नी पावर के सामने कितना बड़ा है । दोनों एहतियात से अपने अपने चश्मे को उतारते हैं , प्यार से शीशे को मुँह के भाप से भिगा कर साफ करते हैं , पीले फ्लालेन के रूमाल से , और फिर परे खिसका देते हैं । आँखों में आँखें डालकर देखने के लिये कमबख्त चश्मे की क्या दरकार । उसे मुन्नी की फटी हुई आँख नहीं दिखती । मुन्नी को उसका तोता नाक नहीं दिखता । बेइंतहा प्यार की नदी कल कल बहने लगती है । उसकी फुहार में और आँखों के पावर के नतीज़तन दोनों के चेहरे की लकीरें अस्पष्ट होकर हेज़ी हो जाती हैं । फेरोमॉंस और मायोपिया की थ्री लेगेड रेस चलती है दुलकी चाल ।

9/18/2007

खिड़की के अंदर खिड़की के बाहर

लड़की झुकी थी । बाल उसके गिरते थे चेहरे पर । बार बार कानों के पीछे करने पर भी फिर मिनट भर बाद गाल पर गिर आते । ट्रेन के रफ्तार से हिलती डुलती पढ़ती जाती थी लड़की । ट्रेन गीत गाती थी । उसके चक्के एक बीट पर घूमते थे , छुक छुक छुक छुक एक पैसा एक पैसा । सलाखों से नाक सटाये लड़का गाता था , सपनीली आँखों से देखता था , भागते हुये संसार को , दूर सुदूर किसी धुँधलाये सुबह के कुहासे में डूबा मेंड़ पर एक अकेला छतनार पेड़ , रहट पर पानी उलीचता किसान , भागते हुये धूँये उड़ाती रेल को भौंचक पनीली आँखों से ताकती गाय, बछड़े की बजती घँटी , कोई नया नया संसार । लड़का गाता था । लड़की पढ़ती थी । छिटके धूप में दौड़ लगाते सूरज की रेलगाड़ी से रेस । किसी गुमटी पर पल भर धीमी होती ट्रेन को ताकता खेत का बिजूका , उठंगी छींटदार फ्रॉक पहने बिखरे बालों वाली टोकरी उठाये लड़की , उजबक लड़का और गोबर पाथती औरत ।

फिर रफ्तार पक़ड़ती रेल , पीछे सब छूट जाते , सब । कभी न दिखने के लिये । मन का एक छोटा हिस्सा कैसा टूट मरोड़ जाता । एक बार , सिर्फ एक बार फिर । गले की थूक घोंटता लड़का आँखें बन्द कर लेता है सिर्फ उतनी ही देर तक जितनी देर रेल गुमटी से पार हुई थी । लड़की इस सब से बेखबर , पढ़ती जाती है । रेलगाड़ी भागती है छुक छुक छुक छुक एक पैसा एक पैसा । गले की थूक अटकती है अंदर के संसार में , बाहर के संसार में ।