12/26/2007

मैना ? मिन्ना ? मेनका ? मुनमुन या फिर मून्स ?

साबुन की बट्टी घिस गई थी इतनी कि बदन में मलना चाहो तो हाथ से फिसल कर बिला जाये । पर ना जी ऐसे कैसे पानी में घुलने छोड़ दें ।लोहे के जंगियाये बाल्टी के नीचे से , मग्गे के बगल से ,उस बड़े पानी जमा करने के हौद के किनारे छिपे , फूली टूटी लकड़ी के दरवाज़े के पीछे सरसरा कर फिसल गये दुष्ट बट्टी को वापस पकड़ धकड़ कर फिर उस बदरंग नीले , माने किसी ज़माने में नीले और अब न जाने पानी के दाग से सुसज्जित कौन से अनाम रंग से सुशोभित साबुनदानी में स्थापित कर दिया जाता । मुनिया को खूब बुरा लगता है । अब ऐसी कैसी कंजूसी ? अम्मा निकाल दो न नया वाला साबुन , नीला वाला पीयर्स । मोटा गदबद टिकिया । नहाने का मज़ा आ जाय । अम्मा भुनभुनाती अरे अभी हफ्ता दिन और चलेगा । और सच चल ही जाता । ठीक हफ्ता दिन नहीं तो चार पाँच दिन तो ज़रूर । पहले पारदर्शी होता फिर एक कोना जाता धीरे धीरे फिर फट से आधा गायब हो जाता और बाकी बचा दीन हीन टुकड़ा कोने के जाली में जा कर फँस जाता ।

अम्मा ऐसे ही जमा करती माचिस की जली तीलियाँ । मुनिया कुढ़ती तो अम्मा का प्रलाप चालू हो जाता । अरे गृहस्थी चलाना कोई गुड्डे गुड़िया का खेल नहीं ।तिल तिल करके जोड़ा जाता है । सब बचाई हुई जली तीलियाँ काम आती जब गैस का दूसरा बर्नर जलाया जाता । अम्मा गर्व से हर बार एक नई तीली बचाने की चालाकी और उस बचे पैसे से कोई ऐसा खर्च का हिसाब किताब जोड़तीं जो महीनों से अगले महीने पर टलता रहा होता हो । जाने एक एक तीली जोड़ कर महीने में कितना पैसा बचा लेंगी , मुनिया जल कर सोचती , मेरा घर होगा तो सबसे पहले माचिस फेंकूँगी । मुनिया बड़ी होती गई ,मेरा घर होगा तो .... करते करते ।

मुनिया के घर में अब नॉब से जल जाने वाला गैस का चूल्हा है , हॉब है , चिमनी है , बाथरूम में नीला बाथटब है , बाथटब में पॉटर ऐंड मूर का मैंगो फ्लेवर्ड फोमिंग बाथ क्रीम है , बेसिन के काउंटर पर नारंगी फिग ऐप्रीकॉट शावर जेल हैं , गुलाबी लोशंस हैं और ऐशवर्य है । झाग में गर्दन तक डूबे मुनिया तृप्त सोचती है । सब बदल लिया मैंने । सिर्फ एक चीज़ नहीं बदली । इस मुनिया नाम को कैसे अंग्लिसाईज़ किया जाये ? स्मार्ट बनाया जाये ? ओह अम्मा बाउजी भी न ! कैसा नाम रख दिया गँवारू । नो वंडर आई हेट देम ।

लूफा से पैरों की उँगलियाँ रगड़ते सोचती है ... मैना ? मिन्ना ? मेनका ? मुनमुन या फिर मून्स ?

(अज़दक के पोस्ट की साबुन की टिकिया से शुरु हुआ ये चेन रियेक्शन )

12/24/2007

एक कॉस्मिक छींक

एक शुरुआत हुई होगी कभी या ये सिलसिला बिना किसी स्टार्टिंग प्वायंट और एन्ड प्वायंट के एक सीधी रेखा या ढेर सारी सामानांतर रेखायें ,सब एक दूसरे में गडमड फिर भी अलग ,बराबर फिर भी अलग जैसे बच्चे ने क्रेयान से रगड़ी हो खाली आसमान में शून्य में कोई रंगीन बैंड समय का ? या फिर कोई समय कभी नहीं था कभी । सब टंगा है अलग अलग डाईमेंशन में , घटता है साथ साथ अलग अलग , प्रोबेबिलिटी के नियम ? ई = एम सी स्कावयर ? रेलिटिविटी थ्योरी ? साईंस फिक्शन का हैरतअंगेज़ किस्सा पॉसिबल और फीज़ीबल , विज्ञान के सिद्धांतों के दायरे में ? अगर सब सिद्धांत मालूम हैं फिर सही और अगर किसी रूबिक्स क्यूब के अंतिम स्टेप की सुगमता फिर भी दिमाग से फिसलता ? है तो कुछ और । आयेगा किसी के दिमाग में एक यूरेका । लटका है अधर में कोई टहनी से सेब । व्हेयर आर यू न्यूटन ? । चलती हैं कोशिकायें , धड़कता है न्यूरॉंन्स , ग्रे मैटर , हाइपोथलमस और मेडुला ऑब्लांगेटा के भीतर बाहर । कोई दो तार जुड़ जायेंगे और होगा कोई धमाका ,चमकेगी बिजली , फिसलेगा गरम चाकू मक्खन में । कितना आसान ,ओह सचमुच सचमुच ।


और बीतेगा समय ,रहेगा समय । खिंचेगी एक रेखा और । अनंत में ? सितार के तार ?बजायेगा कोई धुन इसी खिंचे तार पर । सरगम के पार । तार सप्तक सिर्फ शून्य । कोई सौर राग । जन्म लेगा कोई नया तारा कोई नया ग्रह कोई सौर मंडल एक और । फिर गीत रुकते ही सब बिखर जायेगा किसी ब्लैक होल में । ब्लैक होल नहीं सिर्फ एक क्षण को दो साँस के बीच का समय , एक गैप , अ ब्लैंक स्पेस । ठीक जिसके बाद फिर शुरु होगा जैसे नॉर्थ पोल के पास औरोरा बोरियालिस । ब्रह्मांड के बेरंग शून्य में बनेगा एक चित्र धुन से और रंगो की आवाज़ देगी संगत तब तक जब तक उसका जी चाहे । फिरेंगे तब तक हम पृथ्वी पर , रेंगेगे चींटियों से अपने बिलों में , रोयेंगे हँसेंगे , जनमेंगे मरेंगे , एक एक पल का हिसाब करेंगे , तकलीफ का दुखों का , क्षय होगा सब धीरे धीरे । फ्रॉम डस्ट अनटू डस्ट । सब खत्म होगा । ये समय , हमारा समय । ओह ! सब कैसा क्षणभंगुर । क्यों क्यों ? लेकिन आदि से अंत तक फिर भी खिंची है वही अदृश्य रेखा जहाँ हम ढोते हैं पुरखों के जींस , उनकी स्मृतियाँ , उनका समय । हम क्या सिर्फ केयरटेकर्स हैं कुछ मिलियंस सेल्स और तेईस जोड़ी क्रोमोसोम्ज़ के जिन्हें हिफाज़त से बढ़ाना है अगली पीढ़ी तक ? फिर अगली और अगली ? कब तक ? जब सब उस दो साँस के बीच का क्षण , उस ब्लैंक स्पेस तक न आ पहुँचें । फिर एक कॉस्मिक छींक ?

मिटा देगा कोई बच्चा बड़ी बेध्यानी और बचपन की निर्ममता से सारी लाईंस अपने इरेज़र से । ऊब चुका इस खेल से अब । देखता है कुछ पल ,खोजता है फिर नया खेल । तब तक ? एक पल .... सदियों का ब्लैंक स्पेस ..एक नया के टी एक्सटिंकशन ईवेंट ?


( रोती है लड़की आज किसी खोये प्रेम पर । गिरता है पसीना धार धार ,धुँधलाती है आँख उस मजदूर की । चिपके पेट रोता है बच्चा रोटी के एक टुकड़े के लिये । हर की पौड़ी पर सर्द बर्फीले पानी पर नहाता है तीर्थ यात्रियों का दल , मस्जिद से आती है अजान की आवाज़ अल्लाहो अकबर सुबह के कुहासे को चीरती है आवाज़ । उठता है ज़माना जुटता है खटराग में । छनकती है चाय की प्याली किसी लाईन होटल में , गिरता है झाग बीयर मग से किसी पब में । भूलते हैं सब , सब ।राम नाम सत्य है , सत्य बोलो मुक्ति है । अर्थी उठाये गुज़र जाता है काफिला और औरत ज़रा भीत पल भर छाती पर हाथ रखती सोचती है अपने बूढ़े बीमार पिता की , लौटती है गिराती है पर्दा खिड़की पर बच्चे की पुकार पर । फिर वही मायाजाल । थैंक गॉड फॉर आल दिस इल्यूज़न )

12/18/2007

ज़िंदगी कितनी हसीन है !

पहले दिन मुझसे टकराई थीं तो अजीब कुड़बुड़ाहट हुई थी । देख कर चलना चाहिये । अपने गिरे लिफाफे समेटते बिना उनपर तव्वोज्ज्ह दिये फुर्ती से आगे हो लिया था । स्पेनसर में मेरे ठीक आगे । वही स्टील ग्रे बाल , आज खुले थे कँधों तक । वॉलेट से पैसे निकालने जोडने में खूब वक्त लगाया । मैं एक पाँव दूसरे पाँव बेचैन कदमताल करता रहा । इनकी वजह से आज पाँच मिनट , पूरे पाँच मिनट खराब हुये ।

हफ्ते भर बाद लांजरी शॉप में मुठभेढ़ हुई । तमाम रंगीन लेसी झालरदार लांजरीज़ को एक हाथ परे हठाकर स्पोर्ट्स ब्रा उठाया । मणिपुर की कार्मेन अपने सीधे बालों को झटकारती पूरा डब्बा काउनटर पर उलट दे इसके पहले उन्होंने सधे हाथों से एक सफेद स्पीडो उठाया और पेमेंट काउंटर पर चली गईं । मैं कुछ देर कारमेन से बतकही करता रहा , उसके सीधे भूरे बालों की और चिकने पीले गालों के कंट्रास्ट में मसकरा वाली पलकों की तरीफ करता रहा । कारमेन ब्लश करती रही जबकि ये हमारा पुराना खेल था ।

मादाम के लिये सेक्सी ब्लैक निकालूँ ? उसने मुझे छेड़ा । कारमेन को पता था मादाम ब्लैक नहीं पहनती । पहले मादाम इस शॉप में अकेले आती फिर मैं भी साथ साथ । सोचता कभी अकेला आ जाऊँ तो ? निकाल बाहर करेगी ये सब छोकरियाँ मुझे दुकान से या फिर हाय आयम निहारिका कहते दुकान मालकिन छ फूटी लचके तने सी लहरा कर पीछे के प्लश कमरे से बाहर आ जायेंगी । कैन आई बी ऑफ अनी अस्सिटैंस ? किसी एक जन्मदिन पर अपने को गिफ्ट देने का यही शानदार तरीका सूझा था । के के लिये दर्ज़नों सोने के कपड़े , अक्सेसरीज़ , अल्लम गल्लम । फिर उसके लिये ऐसी शॉपिंग मैं मज़े से गाहे बगाहे किया करता ।

पेमेंट करके नीचे सबज़ीरो में घुसे तो फिर निगाहें चार हुईं । थ्री स्कूप कोन पकड़े बच्चों की तरह आईसक्रीम खा रहीं थी कम , गिरा रहीं थीं ज़्यादा । मुझसे नज़र मिलते ही झेंप गईं । फिर उस दिन जॉगर्स पार्क में पाँव मुचक गया । बस यकबयक ढ़हराकर गिर ही पड़ा । पाँच बजे की अँधियारी अल्लसुबह में जो दो लोग दौड़ते हुये आये उनमें ये भी थीं । एड़ी के पास कोई टेंडन खिंचा था । क्रेप बैडैज और पंद्रह दिन बिस्तर आराम । चौथे दिन के दफ्तर चली गई । दिन बहुत बुरा बीता । पाँचवे दिन वो आईं । सीधे सफेद काले ब्लंट बाल , ढीला स्टील ग्रे घुटनो तक का कार्डिगन और नीले स्लैक्स । कँधों पर कत्थई मफलर । अच्छा तो ये था आज का के का प्रॉमिस्ड सरपराईज़ । दो पीले सूरजमुखी के फूल ले कर आई थीं । आज तुम्हें कुछ पढ़ कर सुनाऊँ । फिर एक पतली किताब सीमस हीनी की कवितायें

There are the mud-flowers of dialect /And the immortelles of perfect pitch/ And that moment when the bird sings very close/ To the music of what happens.

फिर

As a child, they could not keep me from wells /And old pumps with buckets and windlasses./ I loved the dark drop, /the trapped sky, the smells Of waterweed, fungus and dank moss.

और

And here is love /Like a tinsmith’s scoop/Sunk past its gleam /In the meal bin


उनकी आवाज़ में एक संगीतमय गूँज थी , ज़रा सी रेशेदार जैस्रे खूब सिगरेट पीने के बाद कुछ खराश हुई हो । फिर एकदम से उठकर चली गईं बिना ये कहे कि फिर आयेंगी या नहीं । छठा दिन बीता फिर सातवाँ । आठवें दिन थरमस से सूप ढाल कर पीने ही वाला था कि घँटी बजी । दरवाज़ा खोलते ही सर्द हवा के झोंके के साथ दाखिल हुई । ठंड से चेहरा ज़रा लाल था । बिना दुआ सलाम के कुर्सी खींच कर बैठ गईं । झोले से किताब निकाला । आज कवितायें नहीं है ऐसा आश्वासन दिया ।

कुछ संगीत रखते हो ? मेरे स्टीरियो डेक की तरफ इशारा करने पर चुपचाप उठीं , शुबर्ट की ऑव मारिया लगाई और अपनी किताब में मगन हो गईं । अरे ! कैसी अजीब औरत है , मैं हर्ट सोचता रहा । कुछ लेंगी ? मैंने अन चाहे भी औपचारिकता निभाई । नहीं ठीक है । फिर डूब गईं किताब में । मैंने ज़रा सा झाँक कर देखने की कोशिश की फिर बेमन अन्यमनस्क होता रहा फिर कुछ नाराज़गी , ठीक है मुझे उस दिन मदद किया , तो क्या । यहाँ इस तरह आने की ज़रूरत नहीं । आई डोंट नीड ऐनीवन । लगभग दो घँटे हमने शुबर्ट और फिर हाईडेन को चुपचाप सुना , बिना एक शब्द बोले । फिर जैसे धड़ाके से आईं वैसे ही गईं ।

रात मैंने के को शिकायत की , अजीब पागल औरत है , आती है चली जाती है । मैं बोलता रहा , के मुस्कुराती रही । मेरा पैर क्रमश: ठीक होता गया । एड़ी में थोड़ा बहुत दर्द गाहे बगाहे बना रहता । बावज़ूद उसके कुछ दिन खूब भागदौड़ के बीते । दस दिन बाहर रहा । मैं लौटा तब के निकल गई हफ्ते भर के लिये । मैं अनमना घर में अकेला डोलता रहा । पूरा शनिवार अपने बेंत के झूले को वार्निश करता रहा । इतवार रेड ज़िनफंडेल की एक बोतल और ऑर्किड का एक छोटा गुच्छा लिये मैं धमक गया था । ज़रा अचकचाई थीं फिर नारंगी दरी पर बिखरे गद्दों के ढेर की ओर इशारा किया था ।
वाईन ग्लास ले आई थीं । इस दिसम्बर मैं सड़सठ साल की हो जाऊँगी । उन्होंने ग्लास मेरी तरफ बढ़ाते हुये कहा । जॉगिंग कब शुरु करोगे ?
हम दो घँटे बतियाते रहे पर सीमस और शुबर्ट की बात नहीं की । इसबार हम सिनेमा की बात करते रहे । खूब हँसे । शायद वाईन का भी कुछ खुमार था ।

ज़िंदगी कितनी हसीन है , नहीं ? उनका चेहरा , थोड़े से झुर्रियों भरा चेहरा एक खूबसूरती से दमक रहा था । वाकई , वाकई !

(के ने मुझे कभी बताया था कुछ दिनों पहले । अकेली रहती हैं । पति नहीं रहे । बेटे के पास यूएस गईं । पहुँची ही थीं कि खबर मिली किसी हाईवे ऐक्सीडेंट का शिकार हुआ । फिर दोस्त अहबाब पर निपट अजाना शहर और दुख , तोड़ देने वाला व्याकुल दुख जिसका ओरछोर कूल किनारा नहीं । लौट आईं । अकेली रहती हैं बिलकुल अकेली । कितनी बहादुर ! कितनी हिम्मत , कैसी दिलेरी । दिस इज़ लाईफ , ब्लडी अनजस्ट बट ब्यूटिफुल ! दिस इज़ लाईफ )