2/06/2008

तुम्हारी पॉलिटिक्स क्या है पार्टनर ?

उन फेंससिटर्ज़ के नाम जो सुबह से ये सोचते हैं इस फेंस पर बैठूँ या उस फेंस पर । कहाँ फेंस पार कर के आना पॉलिटिकली करेक्ट होगा , कितना बोलना करेक्ट होगा , कहाँ कहना सही होगा , कहाँ बोलने से फँसेंगे नहीं , कहाँ दो बात कह देने से फूट इन माउथ सिंड्रोम नहीं होगा ।

उफ्फ कितनी दुविधायें हैं , कितना द्वंद है जीवन में । दिन रात इसी सोच में घुले जाते हैं कैसे सबके चहेते बने रहें । किसी ने बुरा कह दिया तो क्या , अपना दूसरा गाल बढ़ाते हैं ..तब तक जब तक तमाचा गाल लाल न कर दे । वरना बड़ी मीठी झिड़की थी ..ऐसे ही स्नेह हम पर लुटाते रहिये और हमारा आदर पाते रहिये .. हमें जब सही मौका मिलेगा हम भी आपको स्नेह वर्षा से नहलाते रहेंगे .. कुछ शीतल तरल कवितायें सुनाते रहेंगे । फिलहाल अपने गोल और उनके बहनापे पर मस्त रहेंगे , सराबोर तरबतर रहेंगे ।

हम टिप्पणी भी वहीं करेंगे ..चार जब तक देख न लेंगे ..क्या सुर है , टोन टेनर क्या है ? फिर हम अपनी पॉलिटिक्स तय करेंगे । आपका मसला हो फिर हम चुप रहेंगे , साईड से तमाशा देखेंगे , होगा संभव तो मौज मज़ा ले लेंगे । हमारा मसला हो तो देखेंगे कौन कह रहा है , मेरा भाई बँधु सखा यार । गलबहियाँ डालूँ कि गाली हार .. आखिर मेरी पॉलिटिक्स क्या है यार ?

ये दिन रात का सोचना अपने बस की बात नहीं । आपका सोचें कि अपना ? कैसे चिरकुट हैं आप ? अपना ब्लॉग अपना पोस्ट अपनी टिप्पणी अपना जोश । आपका क्या ? चूल्हे में जाय अपना क्या ? सुबह सुबह की पोस्ट , दो डिजिट कमेंट्स का मोल फिर सारे दिन मटरगश्ती , इधर ज्ञान उधर बत्ती । मुफ्त बाँटते हैं यार । ये तो हुई अपनी बात पर ये तो बताओ आखिर तुम्हारी पॉलिटिक्स क्या है पार्टनर ?

2/05/2008

आईल ऑफ काप्री ..

आज लावण्या जी की पोस्ट पढ़ रही थी । डॉकटर ज़िवागो की लाराज़ थीम । फिर उनके दिये लिंक से ब्रिज़ ओवर रिवर क्वाई और कर्नल बूगी सुना । झम से कुछ बिसरी यादें सामने कूद पड़ीं ।

एक कूट का बड़ा सा डब्बा हुआ करता था । ऊपर तक ठस भरा ..ईपी और एलपी । क्या रंगीन जैकेट्स ..कम सेप्टेम्बर , ब्रिज ओवर रिवर क्वाई , कर्नल बूगी , आईल ऑफ काप्री (इसके जैकेट का नीला समन्दर बचपन में कहाँ कहाँ नहीं खींचकर ले गया ) , बीटल्स ,जॉर्ज मैक्ग्रे से लेकर पाकीज़ा , देवानंद वाली फिल्म की .. रंगीला रे , या भूपेन्द्र की शोखियों में घोला जाय थोड़ी सी शराब , या फिर पता नहीं कौन सी फिल्म पर जैकेट पर शशि कपूर आशा पारेख ..नी सुल्ताना रे .. वो कौन है वो कौन है , कुछ पहेली टाईप गाना , कुछ रशियन फोक और पॉप , एकाध मुंडारी लोकसंगीत ..बहुत सारा शास्त्रीय संगीत .. बिस्मिलाह खान से लेकर पंडित ओंकारनाथ ठाकुर तक ।

जाड़े के दिन में पीछे के हाते में चटाई बिछाई जाती और दिन भर का कार्यक्रम धूप में आउटडोर्स बिताया जाता । नाश्ता और संभव हुआ तो दोपहर का खाना भी । कुर्सियाँ , मेज़ सब लग जाते । एक रेडियो कम रिकार्ड प्लेयर था .. सफारी ( पता नहीं सफारी क्यों ? ये कम्पनी थी या कोई घरेलू जोक ?) उसे बकायदा चटाई पर किसी पेड़ की छाँह में स्थापित कर दिया जाता । ईपी एलपी वाला डब्बा निकाल लाया जाता । फिर देर दोपहर तक एक एक करके गाने । रिकार्ड बजाने का भी एक मज़ा होता । सूई को बड़े एहतियात से रिकार्ड के ग्रूव पर इस होशियारी से रखना कि शुरुआती म्यूज़िक का एक बीट तक न मिस हो । ये बड़ा प्रोफेशनल काम था आसानी से होने वाला नहीं । कितने दिनों बाद हल्के कोमल हाथ से रूई के फाहे सा धीमे से रख देना ..कोई प्लेन रनवे टच करे ऐसा दुरुह ऐसा सीधा ।

ये सब तब की यादें जब तीसरी चौथी पाँचवी कक्षा का वयस ..फिर भी सभी रिकार्डस के जैकेट ऐसे याद हैं जैसे कल देखा हो , महीने भर पहले का देखा दिमाग पर कई बार ज़ोर डालना पड़ता है । स्मृति भी सेलेक्टिव गेम खेलती है । क्या अटका रहेगा रेंगनी के काँटे से , क्या फिसल जायेगा बहते पानी सा । कौन सी याद किस संदर्भ में कब उमड़ेगी ,कब दुखी कर जायेगी कब सुखी , जाने कौन सा केमिकल रियेऐक्शन है । जो भी है मज़े का खेल है । कितना कितना छाँट कर सोने सा कोई स्मृति कण कब चमक जाये इसकी उत्कंठा भी गज़ब की चीज़ है । और संगीत की याद जीभ पर भरा स्वाद है ,बचपन की कोई मिठाई शायद चुरा छिपा कर हड़बड़ा कर खाई हुई , पूरा ध्यान मन बस उसी एक मुँह भरे कौर पर हो जैसे ।

अभी काजू की कतली (इच्छा तो थी कोई पेड़ा या बालूशाही टाईप या फिर काचा गोला जैसी मिठाई मुँह में होती) खाते हुये कम सेप्टेम्बर और आईल ऑफ काप्री को समर्पित आज का दिन । कोशिश की कि कहीं से खोजकर इन्हें सुनाऊँ पर मिला नहीं । ये बात और कि मिल भी जाता तो यहाँ अपलोड कर पाती पता नहीं । अगर किन्हीं को मिले तो सुनायें ज़रूर !


फिलहाल ये सुनें

2/02/2008

रौशनी के बाहर खड़ी औरतें

जब तेज़ रौशनी पड़ती है एक घेरा बनता है अंदर सब साफ दिखता है । लेकिन जो इस वृत के ठीक ज़द पर खड़ी हैं , न उजाले न अँधेरों में ,उनकी बात कौन कहेगा उनका भोगा कौन देखेगा उनका लिखा कौन पढ़ेगा ... एक कोशिश उनकी बीती रौशनी के घेरे में लाने की ..लेकिन मात्र एक क्रॉनिकल है .. तथ्यों का सूखा संकलन भर । कौन कितना और क्या अर्थ निकालेगा वो उसकी समझ पर निर्भर करेगा ।


पहली कथा

सन उन्नीस सौ इकतालीस

निहारचंद रायज़ादा और शीलकुमारी रायज़ादा ... दो पुत्रों के बाद पहली कन्या रत्न । हम भेदभाव लड़के और लड़की में नहीं करते सो धूमधाम से छठी का आयोजन । ये दीगर कि यही आयोजन तीसरी कन्या तक आते आते ,नहीं करते फुसफुसाहट में बदल फीका रंगहीन हुआ ।

पर ये तो पहलीं थी सो किस्मत वाली थीं । चुलबुली थी दुलारी थी बाप की चहेती थी रानी राजकुमारी थी । हँसते कूदते पढ़ते लिखते बढ़ती थी , समझती थी मैं खासमखास , भीड़ से अलग , एक कदम ऊपर , आँखों का तारा .. मेरी एकतारनी ..एक तारा मेरी ।

सितार बजाती सुबह उठ , दौडती भागती गाती तराना , टप्पा ठुमरी । लैम्प की रौशनी में रात रात जाग किताबें खोल देखतीं सपने .. सब होंगे पूरे ..खुद का वायदा खुद से । और इन सब सपनों के बीच किसी मिल्स एंड बूनी रोमांस का टॉल डार्क हैंडसम भी छुपता छुपाता झाँकता किसी कोने से । डिबेट शिबेट टेनिस पूल बैले नाच छोटे शहर में फूलों का राज । कैसा दर्प कितना कितना सहज प्राप्य सब ।

फिर राजकुमार आया । लाल जोड़े में सिमटी सिकुड़ी शायद पहली बार । पर ये शर्माना भी कुछ प्राकृतिक नैसर्गिक अंदर का खेल । हल्दी रोली अक्षत सिंदूर । पीले चादर से बँधी पसीजे हाथ में सिन्होरा पकड़े सर नवाये झुकी धड़कती आँखों से देखा नया संसार ।

अब भाग दो का पटाक्षेप हुआ । जुम्मा जुम्मा चार दिन बीते । जाने कैसी सड़ाँध फूटने लगी । खिड़की दीवार से ,बाग के चौहद्दी वाले लतर से , बरामदे के बेंत की कुर्सी से , गमलों से चूल्हों से । जाने कैसी सड़ाँध थी । सब दूर भागने लगे , दुर दुर करने लगे । इसे कुछ समझ न आये । पति ने विद्रूप से कहा , होगी अपने बाप की रानी राजदुलारी , यहाँ ये ठाट नहीं । इसने हिम्मत किया , पूछा बताना होगा । कैसे नहीं

जवाब में हाथ पैर लात बात । ढीठ थीं , जिद्दी मगरूर थीं बड़े बाप की सहेजी समेटी बेटी थीं , कुछ खुद को इंसान भी समझती थीं । सो इसरार किया । बात नहीं बनती देख कभी रार मनुहार भी किया । फिर किसी बड़ी बूढ़ी ने ज्ञान दिया , पति फँसा किसी और से रे बहुरिया । टोना टोटका गंडा ताबीज़ कर ले जो कर सके और बनी रहे सदा सुहागन । आखिर सिंदूर आलता लगाने का अधिकार , किसी की ब्याहता कहलाने का सुख कम है क्या ?

निकल आई भाग के । पिता कहें लौट जा बेटी , माँ कहें छोटी बहनों का ऐसे रवैये से होगा ब्याह ? एक बार फिर मन मारे लौट जा । लौटीं और ठीक तीन दिन बाद कंबल में लिपटीं लौटी बाप के पास । फिर अस्पताल ..महीनों दिन और उसके बाद लम्बी आस्तीन का ब्लाउज़ चट गर्मी में भी , सोने के पतले चेन के नीचे खलतराई खाल ,कमर और पेट कभी गलती से भी मालिश वाली दाई तक के सामने नहीं उघारी ।


शारदा रायज़ादा पोफेसर , विसिटिंग फैकल्टी अल्ल्म गल्ल्म यहाँ वहाँ सिगरेट पर सिगरेट धूकती । कैसी मुँहफट , ओह सो रूड बट हाउ कांफिडेंट ! हद है । कॉलेज की लड़कियाँ डरती सिहरतीं एकाध कैसी ऐडमायरिंग ग्लांसेज़ देतीं ..काश हम भी ! पुरुषों को दो टूक समझतीं । फर्राटे से गाड़ी चलातीं सब स्पीड लिमिट तोड़तीं भागती जाती हैं जीवन में । दुर्खाइम और मार्ग्रेट मीड की मोटी पोथियों , नियनडर्थल और क्रो मैग्नन मानव की बतियाँ , आदिमानव और आदिवासी में खोजतीं जीवन का रहस्य । साल मे चार बार विदेश भ्रमण , फलां सेमीनार में पेपर पढना है , अलां वर्कशॉप में लेक्चर देना है , उस अंथ्रोपोलॉजिकल रिव्यू में आर्टिकल , इस सोशल साईंस पैनेल के बोर्ड पर । घर में किताबें ही किताबें । बचपन के खेल सपने सब हुये हवा । सितार तक एक कोने में गर्द खाता उपेक्षित पड़ा है । बहनों और भाईयों की सुखी गृहस्थी पर चुपके आह । उनके बच्चों पर लाड़ दुलार , लेकिन अपना कोई कहाँ ? जैसे एक बड़ा गड्ढा हो जो हर वक्त और गहरा होता जाता है , अंदर झाँकों तो कूँये में झाँकने जैसा हो , कुछ दिखे ही न , बस कुछ डोलती छाया का आभास मात्र , अतृप्त इच्छायें मुँह बाये सब लीलने को तत्पर ।

बिस्तर पर पलथी मारे ऐशट्रे सामने धरे सिगरेट फूँकती लगातार बोलती हैं । साड़ी मुसमुसा गई है ,बाल बिखर गये हैं । छाती के अंदर धौंकनी जलती है । सारे डिग्रीज़ सब सम्मान , अंतर्राष्टीय गोष्ठियों से मिले रिकॉगनिशन , आज की स्वतंत्र नारी , अपना जीवन जीती है.... सब खुद बुहार कर परे धकेल देती हैं । हाथ फैलाती हैं हवा में .. उँगलियाँ सब अलग ... देखो ऐसे जीवन बह गया , चुक गया । बच्चे नहीं पति नहीं तो जीवन कैसे चुक गया ? इसलिये कि चाहा था यही सब लेकिन मिला जो सब वो भी तो चाहा था । मिल गया इसलिये मोल चुक गया । आदमी की बुद्धि ? औरत के संस्कार ? बिना पुरुष के साथ के जीवन बेकार ? चाहे पुरुष कितना कमीना क्यों न था ? जानते हुये भी ..जीवन सिर्फ एक काश ? एक कामना ?

सिगरेट बुझाती , उठती हैं । बाल काढ़ती हैं आईने के सामने , कलफ की हुई साड़ी की चुन्नट सरियाती हैं ... निकलना है तीन बजे क्लास है फिर मीटींग है उसके बाद प्रकाशक के साथ बैठना है अपनी किताब का कवर तय करना है , प्रमोशनल स्ट्रैटेजीज़, फिर इंस्टीट्यूट कुछ देर । समय कहाँ है कुछ फालतू सोचने का ।

लेकिन दूसरों के पास है ,कितने टैग तो लगा दिये उन पर ...दबंग , घमंडी , बंजर , ऐसी औरत की ऐसी ही तो नियति , लूज़ कैरेक्टर , स्मार्ट इंडीपेंडेंट वोमन , सूखी सड़ी चिड़चिड़ाही स्पिंस्टर ? जो औरत पारंपरिक रास्तों से हटी , सूत भर भी उसकी यही तो नियति है ,इसमें गलत क्या ?

आपको क्या लगता है ?


(स्त्री संबंधी मुद्दे जो स्पॉटलाईट में हैं , जिनका सबको पता है स्त्री को भी ... और स्पॉट लाईट के परे जिनका किसी को पता नहीं , स्त्री को भी नहीं)