अपने पौरुष के अहंकार में
ग्रीवा ताने , तुमने कहा
अपनी इच्छा बता
मैं भोली अबूझ हव्वा
तुम्हारे प्रश्न का मर्म जाने बिना
चहककर कहा
मेरी इच्छा !!!
मेरी इच्छा , रोटी घर और बार की इच्छा
प्यार ,बात और साथ की इच्छा
तुम
ठठाकर हँस पडे
मैं चौंककर चुप हो गई
तुमने कहा
तुम्हारी इच्छा तुच्छ इच्छायें
अब तू सुन मेरी इच्छायें
............................................................
आदि काल से मुँह को सीये
सुन रही हूँ आजतलक मैं
तुम्हारी गाथा
अभी भी मैं वही भोली हव्वा
बैठती सुनती इंतज़ार में
कभी तो आयेगी मेरी भी
फिर से इच्छायें कहने की बारी