2/14/2007

सिर्फ एक प्रेम कथा

गीली मिट्टी ,गेहूँ की बाली, तुम और मैं....

तुम्हें याद है
गर्मी की दोपहरी
खेलते रहे ताश
पीते रहे नींबू पानी
सिगरेट के उठते धूँए
के पार
उडाते रहे दिन
खर्चते रहे पल
और फिर किया हिसाब
गिना उँगलियों पर
और हँस पडे बेफिक्री से
तब , हमारे पास
समय बहुत था
...........................................................




सिगरेट के टुकडे
कश पर कश
तुम्हारा , ज़रा सा झुक कर
तल्लीनता से
हथेलियों की ओट लेकर
सिगरेट सुलगाना
मैं भी देखती रहती हूँ
शायद खुद भी ज़रा सा
सुलग जाती हूँ
फिर कैसे कहूँ
तुमसे
धूम्रपान निषेध है
……………………………………………………………..

तुम्हारी उँगलियों से आती है
एक अजीब सी खुशबू
थोडा सा धूँआ
थोडी सी बारिश
थोडी सी गीली मिट्टी
मैं बनाती हूँ
एक कच्चा घडा उनसे
क्या तुम उसमें
रोपोगे गेहूँ की बाली ?
..................................................................



सुनो ! आज कुछ
फूल उग आये हैं
खर पतवार को बेधकर
हरे कच फूल
क्या तुम उनमें
खुशबू भरोगे
भरोगे उनमें
थोडी सी बारिश
थोडा सा धूँआ
थोडी सी गीली मिट्टी

...............................................................
अब , हमारे पास
समय कम है
कितने उतावले हो
कितने बेकल
पर रुको न
धूँए की खुशबू
तुम्हें भी आती है न
गीली मिट्टी की सुगंध
तुमतक पहुँचती है न
कोई फूल तुम तक भी
खिला है न
............................................................
जाने भी दो
आज का ये फूल
सिर्फ मेरा है
आज की ये गेहूँ की बाली
सिर्फ मेरी है
इनकी खुशबू मेरी है
इनका हरैंधा स्वाद भी
मेरा ही है
आज का ये दिन मेरा है
तुम अब भी
झुककर
पूरी तल्लीनता से
सिगरेट सुलगा रहे हो
मैं फिर थोडी सी
सुलग जाती हूँ.



(ये कविता आज संतोष के जन्मदिन पर उसके लिये )

2/12/2007

ओले ओले

बचपन में , राँची में कभी कभार ओले पडते थे । हम बच्चे छाता लेकर निकल पडते , किसी शीशी बोतल में ओले जमा करने । वापस आते आते ज्यादातर पिघल जाता । उस समय का आह्लाद अब भी रोमाँचित करता है । घर के पिछवाडे की पूरी ज़मीन सफेद हो जाती थी ।ये और बात थी कि सफेदी ज्यादातर टिकती नहीं थी । तभी से किताबों ,पत्रिकाओं में पढी देखी बर्फीली जगहें आकर्षित करतीं रहीं।

कल दोपहर अचानक तेज़ बारिश शुरु हो गई । किसी ने कहा ,ओले पड रहे हैं । हम हँस पडे । यहाँ कहाँ ओले । पर ये देखिये तस्वीर

ओले ओले

बैलकनी से लिया गया ये फोटो । खूब मज़ा आया । बचपन की तरह फर्श पर गिरे ओलों को चुनकर खाया , खूब हल्ला मचाया । बस ,बच्चे बन गये ।


मैंने नहीं देखा
कभी बर्फ
तमन्ना रह गई
बनाऊँ एक स्नोमैन
पहनाऊँ उसे
अपनी कोई पुरानी टोपी
शायद वही हरे रंग वाली
जिसमें फुदना था
और होंठों पर टिका दूँ
कोई सिगार

पर कहाँ से लाऊँ सिगार
मेरी दुनिया में कोई पीता नहीं सिगार
मेरी दुनिया में तो गिरती नहीं
कोई बर्फ भी
पर अपनी तमन्ना का क्या करूँ
पलट लेती हूँ फिर कोई तस्वीर
बदल लेती हूँ कोई टीवी चैनेल
न्यूयॉर्क में गिरी है बर्फ ग्यारह फीट से ज्यादा
शिमला सफेदी के चादर के नीचे
नैशनल ज्याग्राफिक पर देख लेती हूँ
पोलर बीयर का मछली पकडना

कैसी होती होगी
इतनी बर्फ
रिमोट मेरे हाथ में है
मैं जब चाहे निकल सकती हूँ
उस शीतल हिम ठंडे प्रदेश से
वापस आ सकती हूँ
अपने कमरे की गुनगुनाहट में
और बैठे बैठे सोच सकती हूँ

बनाऊँ मैं भी क्या एक स्नोमैन ?


(ग्लोबल वार्मिंग के बारे में कितने लेख पढे । द डे आफ्टर टुमौरो ( शायद यही नाम था फिल्म का ) याद आया । क्या यही 'अर्मागेडोन है या फिर मायन कैलेन्डर के हिसाब से 2012 का पृथ्वी का अंत ऐसा ही कुछ होने वाला है ।)

2/08/2007

कुछ दिन पहले , बेतरतीब यादें

अस्पताल में बैठे थे । पापा सत्त्ताईस जनवरी को कमरे में गिर गये । मेजर सर्जरी । टोटल हिप रिप्लेसमेंट । मैं बीच में घर आई थी कि अस्पताल से संतोष का फोन आया ,कमलेश्वर नहीं रहे , टीवी खोलो । ऐसे ही बदहवासी का आलम था । कौन अस्पताल , कौन सर्जन , सर्जरी जरूरी या फिर सिर्फ अस्पताल का चोंचला पैसे कमाने का । क्या तय करें क्या न करें । ऐसी भागदौड और पापा की तकलीफ । दाढी से बढा चेहरा ,कमज़ोर सा पर हिम्मत गज़ब की । लगातार हँसी मज़ाक करते रहे । पूछने पर भी कभी दर्द या तकलीफ की शिकायत नहीं की ।

अब अचानक कमलेश्वर जी की मौत की खबर । अजीब से बुरे संयोग का भास हुआ । अभी महीने भर पहले उनसे बात हुई थी । आलोक भाई घर आये थे । इन्हें एक पत्रिका ‘परिकथा’ दिखाई थी । एकाध महीने पहले उसके पहले छ: अंक डाक से आये थे । कमलेश्वर जी शुरु में उस पत्रिका से जुडे थे । आलोक भाई ने पत्रिका पलटी फिर तुरत उनको फोन लगाया । बात की और बातों बातों में मेरा ज़िक्र किया , मेरी कहानियों के बारे में बताया फिर अचक्के फोन मुझे पकडा दिया । मैं अभिभूत । कमलेश्वर जी से क्या बात करूँ । उनकी किताबें , उनकी कहानियाँ पढते रहे ,उन्हें टीवी पर देखते रहे । अब अचानक क्या बात करूँ । कुछ सूझा ही नहीं । उन्होंने कहा, अपनी कहानियाँ मुझे भेजो ।

दिन बीत गये । इतने बडे साहित्यकार , मेरी कहानी पढने को माँगें । लगा , उन्होंने औपचारिकतावश कहा होगा । बडा संकोच हुआ । क्या भेजें । बस ऐसे ही फिर नहीं भेजा । छब्बीस जनवरी को आलोक भाई का फोन आया । छूटते ही पूछा , तुमने कमलेशवर को अपनी कहानियाँ क्यों नहीं भेजी । मैं संकोच में । क्या जवाब देती । चुप रह गई । उन्होंने बताया कि ‘नया ज्ञानोदय’ का फरवरी अंक कमलेशवर पर है । ऐडवांस कॉपी मिलने पर उन्होंने कमलेश्वर को फोन किया था । उन्होंने कहा कि प्रत्यक्षा ने अपनी कहानी नहीं भेजी ।
हम रास्ते में थे । मैंने कहा ,मैं सोमवार को उन्हें कहानियाँ भेजती हूँ । उस दिन बहुत अच्छा लगता रहा । इतने बडे साहित्यकार । मुझे याद रखा । मेरे लिये बहुत बडी बात थी । बहुत बहुत बडी बात । आलोक भाई ने ही बताया कि जब वे ‘सारिका’ के सम्पादक थे तब उन्होंने नये लेखकों को खूब प्रोत्साहित किया ।

अगले दिन पापा कमरे में गिर गये । अस्पताल का चक्कर शुरु । और अब कमलेश्वर जी के निधन की खबर । मन बहुत खराब हो गया । बार बार उनकी टनक भरी आवाज़ जो फोन पर सुनी थी , याद आती रही ।

अस्पताल में ही थे कि ज्ञानोदय का फरवरी अंक घर पर आया । अस्पताल और घर के चक्कर के बीच कभी उसे उठा लाई कि कमरे में पापा की देखभाल करते उलट पलट लूँगी । पर मौका नहीं मिला । अब पापा बेहतर हैं । घर आ गये हैं पर ठीक होने में लंबा वक्त लगेगा । पर उनमें गज़ब की ‘विलपॉवर ‘ है । चार घँटे की सर्जरी के बाद जब उन्हें कमरे में लाया जा रहा था तब मैंने कहा , पापा ,मुस्कुराईये ,सब ठीक से हो गया । उन्होंने तुरत जवाब दिया , अच्छा , तब रसगुल्ला खिलाओ । डॉक्टर हँस पडा , कहा ,अब तो इन्हें रसगुल्ला खिलाना ही पडेगा , थोडा सा खिला दें ।

अब घर में हैं । अगले हफ्ते से फिज़ियोथेरापी । कल ज्ञानोदय का फरवरी अंक फुरसत से पढा । कमलेश्वर जी पर लेख पढे । राजा निरबंसिया खोजनी है , पढनी है ।