
इतना चौकन्ना रहें ? इतना जितना दो हज़ार साल पहले थे , गुफाओं में ? जंगली नरभक्षी जानवरों की गुपचुप मारक पदचाप से ? उफनते नदी के पानी से ? बेकाबू , बेलगाम आग़ से ? चौकन्ने चौकन्ने , आतंकित ? सहमे ? फिर हमने डर काबू किया , जैसे आग किया , पानी की , तूफानी थपेड़े और कबीलाई हमले किये , प्यार नफरत और मृत्यु की , बीमारी की । हम विकसित हुये । चार पैरों से दो पैर वाले हुये , बड़े माथे से सारिक मस्तिष्क वाले सोचने समझने तौलने वाले बुद्धिमान हुये । जंगल से शहर , देहाती से नागरीय ..क्या क्या नहीं हुये सिर्फ चौकन्ने नहीं हुये ।
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^
फिर बम फूटे , आगजनी हुई , गोली चली । लोग मरे , पुरुष नारी बच्चे । गलत समय में गलत जगह ? या सही समय में सही जगह । हम बचे , वो मरे ..गनीमत गनीमत । जब कल वो बचेंगे , हम मरेंगे तब उनकी गनीमत । मन ऐसा ही सुन्न हुआ । न गुस्सा , न दुख , न क्षोभ न आक्रोश । ऐसे समय में जीना भी कोई जीना है ? ईश्वर ने हमारी प्रार्थना सुन ली , हमें बख्शा ..या ईश्वर ने हमारी सुन ली ..ऐसी दुनिया से निज़ात दिला दी ..
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^
चारों ओर किसी प्रहसन का अंतिम भाग खेला जा रहा है ..देख भई खेल, नौटंकी ? तमाशा ..बोल बोल कर गर्दन की नस रस्सी बनी है , कोई न सुने ..क्यों सुने भला ? बस इतना की चौकन्ने रहो , मुड़ मुड़ कर पीछे देखो , अँधियारी रातों में डर सींचों , बिलों में रेंग जाओ , तूफान की आशंका में जहाज़ छोड़ चलो , भागो भागो ..फिर भी चौकन्ने रहो । पुरखों का चौकन्नापन उनकी कब्रगाहों की मिट्टी से उठा ताबीज़ बनाओ ..सातवीं इन्द्रीय विकसित करो ..उस बिल्ली की तरह जो शिकार पर घात लगाये , दबे पाँव , सतर्क चाल हमला करती है ..
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^
हमारे शब्दकोश से चुन चुन कर उन शब्दों को खारिज़ कर दो जो किसी अन्य भाव को दर्शाते हैं । फिर देखा कि शब्दकोश कुछ आड़ी तिरछी रेखाओं का संकलन मात्र रह गया है ..किसी ने आदेश का पलन किया और सभी शब्दों पर सफेद रंग पोत दिया । अब गनीमत है ..किसी के पास कुछ भी व्यक्त करने को शब्द नहीं ..सब भारमुक्त है सब ..
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^