4/04/2008

चिल मैन चिल

अखबार में खबर .. शॉर्टेज़ ऑफ फूडग्रेंज़। स्पेंसर और रिलायंस फ्रेश में ट्रॉली में ठसाठस भरते सॉस और जूस के बोतल । बच्चा हृष्ट पुष्ट है , माँ और ज़्यादा । खाते पीते परिवार के सदस्यों का विज्ञापन । ओबेसिटी के शिकार कितने प्रतिशत लोग ? तरह तरह के विज्ञापन .. कैसे मोटापा घटायें , टेलीशॉपिंग नेटवर्क पर वजन कम करने के तरीके , ट्रेडमील , मॉर्निंग जॉग्गर और सौना बेल्ट , जिम के लटके झटके , पर्सनल ट्रेनर्स की स्टेटस सिम्बल। फिर किसको खाना घट रहा है ? ब्रेड नहीं तो केक सही सिंड्रोम । सुपर मार्केट स्टोर्स में कवियार और ब्लू चीज़ , हाएंज़ सॉस और ग्रीन टी , स्मोक्ड सालमन और टाईगर प्रॉंन्स । कितने रंगीन कार्टंस , क्या ग्लॉसी पकेजिंग । शेल्फ पर सामान अड़से भरे हुये , गिरते पड़ते अटके लटके हुये। फिर किसी सोमालिया इथिओपिया के बारे में बात करना फैशनेबल । आपको उदार दिलदार सहिष्णु का खिताब देता है , दूसरों के दुख में दुखी । पर खबरदार किसी कालाहाँडी की बात की । कालाहाँडी सिंड्रोम की तो बिलकुल नहीं । जब शॉर्टेज नहीं था तब ग्रनरीज़ इसलिये भरी हुई थीं कि उसे खरीदने के लिये लोगों के पास पैसे नहीं थे। अब शॉर्टेज़ है , होगा । उससे क्या । लोगों के पास अब भी पैसे नहीं है । क्या फर्क पड़ता है । जिनके पास पैसे नहीं हैं उनको वैसे भी फर्क नहीं पड़ता । जिनके पास हैं उन्हें भी फर्क नहीं पड़ता । भईया पित्ज़ा खायेंगे सॉस डालकर , इडली खायेंगे जैम डाल कर , कोला पेप्सी पियेंगे . बहुत होगा तो डाएट कोक पी लेंगे , पानी की जगह बीयर और वाईन पी लेंगे , रोटी की जगह गार्लिक ब्रेड तो मिलेगा । जाने ऐसे डिप्रेसिंग सवालात क्यों उठाते हैं भाईलोग ? कोक के बर्प के साथ सोच भी एक तृप्त ढकार लेती है । चिल मैन चिल । नथिंग टू वरी ऐज़ ऑफ नाउ , क्यों ? वाट डू यू से ?

4/03/2008

सपना सपना सपना

कछुये का खोल में दुबक जाना ही सबकुछ है ? बच्चा पूछता है । या फिर गीली मिट्टी में जो चेरा रेंगता है और पीछे चिपचिपा लसेदार चमकीली रेखा खींचता है , वो रेखा कहाँ जाती है ? बोतल में बन्द जुगनू की रौशनी का बैटरी कब तक चलेगा ? धूप की जो गर्मी मेरे चेहरे को अभी छूती है वो कब चली थी , सूरज से ? तब जब मैं नहीं था ? ये दुनिया भी नहीं थी ? तब क्या था ? सपना था ? मैं सो जाता हूँ तब दुनिया कहाँ चली जाती है ? जहाँ भी जाती है फिर कितने बड़े पहिये होंगे जिनपर सवार फिर फट से वापस भी आ जाती होगी ? नहीं? अभी आँख बन्द करूँ तो गायब । फिर चालाकी करूँ ? जब दुनिया सोचे कि अभी तो सोया है , फुरसत है तभी पाजी बन तुरत अहा तुरत आँख खोल दूँ ? तब इसका मतलब दुनिया के आने जाने का स्विच मेरे पास । उबासी लेता बच्चा सोचता है। अब नींद आती है लेकिन मिनट भर में खोल दूँगा आँखें ..यही सोचता सोचता उतर जाता है कंबल के गर्म खुरदुरे अँधेरे में ।

कछुआ अपनी गर्दन लम्बी करता है एकबार दायें और एकबार बायें देखता है फिर मूड़ी गोत कर सामने चलने लगता है। खरगोश अभी तक पेड़ के नीचे कच्ची नींद में बेहोश ढुलका पड़ा है । बच्चे के मुँह से लार की एक तार ठुड्डी तक लटकती है । उसके आँखों की पुतलियाँ बन्द पलकों में नाचती हैं और धीमे से एक उल्लास उसके होंठों को छू जाता है । कछुआ चलता जाता है सोचता जाता है ये मेरा सपना तो नहीं ।

4/01/2008

कैसी बेमुरव्वत ज़िंदगी है !

हर पल जो घटित होता है ठीक ठीक उसी पल उसके बीत जाने के एहसास की पीड़ा छाती में कैसी अजब टीस का हथौड़ा मारती है । रास्ते पर कभी आगे जा कर आफियत से मुड़ कर पीछे देखने का सुख मेरा सुख क्यों नहीं हो सकता । कैसा अभिशाप है जैसे सिन्दबाद की पीठ पर चढ़ा बूढ़ा ? कुछ कुछ वैसा ही जैसा सुख के पठार पर पीछे तेज़ रफ्तार हाँफता भागता पीछा करता ताबड़तोड़ आता , वो , जो सुख नहीं है । शायद दुख भी नहीं । जैसे देर रात कोई आलाप सुनते आँखों से बहते सुख का सिहरा देने वाला एक कोर आँसू?

रीम के रीम कागज़ पर बेमतलब शब्दों की भीड़ में उमग कर ठेलता ठालता अपनी कहानी ज़बरदस्ती सुनवाता ,पकड़ पकड़ सुनवाता पर पीछे बैकग्राउंड में बजता रहता लगातार सारंगी का एक अकेला दुखियारा सुर? सुख में दुख का और दुख में सुख की जुगलबन्दी गाता अपने आप में होता छटपटाता कौन ? आखिर कौन ? जिसे मैं , ‘मैं’ कहती और जिसे तुम ‘तुम’ कहते । न भी कहते , न भी कहती पर उस अछोर पठार पर हमेशा मैं अकेली । शायद हम सब ऐसे ही हमेशा के अकेले ?

जैसे छाती धक्क से हो जाये ऐसी सुन्दरता देख कर रुलाई की एक मरोड़ , कभी सिर्फ आधी या पाव भर भी। जैसे जीवन इन्हीं नापतौल के खाँचे में सिकुड़ कर दुबक बैठा है, उस राजकुमार की तरह जिसके प्राण बसते हों किसी सुनहरे पिंजरे में कैद सुग्गे की लाल चोंच में ?

और फिर मेरे पास अंत में , अनंत में बचता है सिर्फ एक लम्बी कतार प्रश्नों का , जिनके उत्तर ठीक इम्तहान के पिछली रात देखे गये दु:स्वप्न सा तिरोहित होता है घबड़ाहट के असीम सागर की अतल गहराई में । ऐसे ही किसी एक प्रश्न से लड़ते भिड़ते सर टकराते धुनते कोई सूत्र का कोमल सिरा मिल जाये ऐसा भी शायद सुख ही हो का भजन गाते शुरु होता है आज का आख्यान। हर दिन का । कैसी बेमुरव्वत ज़िंदगी है !
.....................................................................................

इन्हीं बेमुरव्वत रवायतों की फेहरिस्त बनाती ... लगा कि मेरे प्रलापों का कोई तार जिनतक पहुँचता है उन सबों का शुक्रिया ... जो मेरे एकतरफा (रियाज़ों ) को अनसुना करते फिर भी (बावज़ूद एकतरफा ) स्नेह से मुझे पढ़ते रहे हैं.. इतने दिनों .. शुक्रिया !