5/10/2005

एक चिट्ठा मेरा भी.....

हिन्दी में लिखना लगभग छूट सा गया था....स्कूल और कालेज के बाद हिन्दी में सिर्फ पढ ही रही थी........पत्र वगैरह भी लिखना कम हो गया था .....फोन से सब काम चल रहे थे...
फिर नेट का ज़माना शुरु हुआ..तब रोमन में हिन्दी लिख कर मन बहला लिया करते थे.......
पढने का जो कीडा कुलबुलाया करता उसने मज़बूर किया गूगल के शरण में जाकर हिन्दी पत्रिका खोजने के लिये.......
सफलता मिली साथ में अभिव्यक्ति और अनुभूति को पढने का चस्का भी.......
फिर गाहे बगाहे पढते रहे......पहली कहानी अभिव्यक्ति के "माटी के गंध " मे चुनी गई और छपी.....फिर अनुभूति पर समस्यापूर्ति में कवितायें लिखना शुरु किया.....और जैसा सब जानते हैं..ये छूत की बीमारी एक बार जो लगी सो ऐसे ही छूटती नहीं.....
तो बस हाजिर हैं हम भी यहाँ.....इस हिन्दी चिट्ठों की दुनिया में लडखडाते से पहले कदम.......
चिट्ठाकरों को पढ कर वही आनंद मिल रहा है जो एक ज़माने में अच्छी पत्रिकओं को पढ कर मिलता था......सो चिट्ठाकार बँधुओं...लिखते रहें, पढते रहें और ये दुआ कि ये संख्या दिन दो गुनी रात चौगुनी बढती रहे.........
शेष फिर

5/09/2005

खुशी है एक सफेद चादर

खुशी एक ऐसी सफेद चादर है
जिसे ओढते ही
मैं अद्र्श्य हो जाती हूँ
उन तमाम गमों से
जो
घात लगाये बैठे हैं
दबोच लेने को मुझे
अपने खूँखार पँजों में

5/02/2005

धूप के पाँव

धूप के पाँव पर
कितने छाले हैं
दिन भर
चिलकती गर्मी में
जो चली है

....................!

धरती पर फैल गया
दरारों का जाल
सूखे पपडाये होठ
तरस गये
बारिश की प्यास को

......................!!

सूखे पत्ते
बुहारते सडक को
पगली लू
सर धुनती
और काली कोयल
की कैसी ये बेकली

...........................!!!

पेड खडे मौन प्रहरी से
गर्मी की दोपहरी में
पागल लू
गली गली आवारा भटकी

.............................!!!!

धूप भी थक गई
दिन भर की
कँटीली गर्मी में
थके हारे कदमों से
परछाईयाँ घसीटती
लौट चली घर कि ओर

...............................!!!!!

धूप साँझ की पायल पहन
धीमे धीमे रुनझुन
चली पी के घर
मुख के जोत को
रात के चादर से ढक
धीमे धीमे रुनझुन
चली पी के घर


.........................!!!!!